बस्ती। महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को भोर होते ही बस्ती के शिवालयों पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान का जलाभिषेक कर मंगल कामना की। बस्ती स्थित भदेश्वर नाथ मंदिर में हजारों की संख्या मे श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। भीड़ को देखते हुए शिवालयों पर सुरक्षा का व्यापक बंदोबस्त किया गया था। यहाँ जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन व पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा के नेतृत्व में भारी फोर्स मुस्तैद रही। महाशिवरात्रि पर्व पर तिलकपुर मंदिर पर तड़के ही श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव के जयकारे से शिवालय गूंज उठा। यहां भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव महादेव को भांग, धतूरा, बिल्वपत्र, भस्म चढ़ाकर सुखमय जीवन की कामना की।
मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही। मंदिर परिसर में लगे मेले में बच्चों ने गुब्बारे, खिलौने आदि की खरीदारी की। इसी क्रम में बस्ती जनपद के भारी नाथ मंदिर पर भी सुबह से ही दर्शनार्थियों की लम्बी कतार जुट गयी। मंदिर परिसर में बम-बम भोले के जयकारे में गूंज उठा। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान का जलाभिषेक कर आशीर्वाद मांगा। जिले में स्थित प्रमुख शिव मंदिरों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया है। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी मंदिरों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। मंदिरों पर मेले जैसा माहौल रहा और दुकानों पर बच्चों ने जमकर खरीदारी की। महाशिवरात्रि पर भक्तों ने घरों में भी रुद्राभिषेक कराकर मंगल कामना किया। इसके अलावा जिले में जगह-जगह स्थित शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने भगवान का जलाभिषेक कर मन्नते पूरी करने का आशीर्वाद मांगा।
No comments:
Post a Comment