संगीतमयी नव दिवसीय श्रीराम कथा व नव चंडी महायज्ञ का आयोजन
हर्रैया,बस्ती।विधानसभा क्षेत्र के मां दुर्गा मंदिर करनपुर शृंगीनारी धाम में संगीतमयी श्रीराम कथा व नवचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम के आयोजन में 03 अप्रैल दिन शनिवार को कलश यात्रा निकाली गई एवं श्री रामचरित मानस महात्म का वर्णन किया गया। नव दिवसीय कथा में आचार्य सौरभ शुक्ला जी महाराज द्वारा सती चरित्र एवं शिव विवाह, राम जन्मोत्सव, श्री राम की बाल लीला, श्री राम विवाह उत्सव, केवट प्रसंग व अरण्यकांड की कथा, भरत चरित्र सहित मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के जीवन के बारे में कथा श्रवण कराई जा रही है। आचार्य सौरभ शुक्ला जी महाराज के साथ में अन्य कई विद्वान जो अयोध्या धाम से आए हैं उनमें संदीप शास्त्री जी महाराज,भरत लाल शास्त्री जी महाराज, श्याम बिहारी जी महाराज द्वारा संगीतमयी कथा श्रोताओं को भाव विभोर कर रहा है। उक्त कार्यक्रम करनपुर के समस्त ग्राम वासियों के सहयोग से कराया जा रहा है।जिसकी पूर्णाहुति 10 अप्रैल दिन शनिवार को है। वार्ता के दौरान कथा व्यास आचार्य सौरभ शुक्ला जी महाराज ने कहा कि देश,समाज, क्षेत्र व ग्राम वासियों के सुख समृद्धि एवं मानसिक स्वच्छता के लिए पूजा पाठ कथा आदि का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। जिससे लोगों को ईश्वर एवं अदृश्य शक्तियों का दर्शन हो। समाज में विभिन्न प्रकार की कुरीतियों को दूर करने के लिए धर्म संस्कार से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है यदि आप भक्ति भाव से अपने इष्ट देव की प्रार्थना करते हैं तो मानसिक रूप से आप अपने आप को संतुष्ट पाते हैं। इसी प्रेरणा और आशीर्वाद को ईश्वर का दर्शन माना जाता है। नवदिवसीय श्री राम कथा के आयोजन से पूरा गांव व क्षेत्र भक्ति माहौल में सराबोर हो गया है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र व गांव में ईश्वर की कृपा बनी रहती है।
No comments:
Post a Comment